“मैं हिंदू हूं मगर हिंदुत्ववादी नहीं…”, राहुल गांधी ने समझाया दोनों शब्दों का अंतर

न्यूज़ रिवेटिंग

जयपुर, दिसंबर 12

राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस पार्टी ने आज महंगाई हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी महारैली का आयोजन किया।

इस रैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। जहां राहुल गांधी ने लोगों को हिंदू और हिंदुत्ववादी का अंतर समझाया वहीं प्रियंका गांधी ने किसानों और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा।

यह रैली पहले दिल्ली में होने वाली थी, लेकिन एनसीआर में रैली की इजाजत नहीं मिलने पर इसे जयपुर में शिफ्ट करने का फैसला किया गया।

राहुल बोले, हिन्दू सत्य के लिए मरता है। वह आजीवन सत्य की खोज करता है। महात्मा गांधी ने पूरे जीवन सत्य की खोज की, लेकिन हिन्दुत्ववादी गोडसे ने उनके सीने में तीन गोलियां मार दी। हिन्दुत्ववादियों को सत्य से कुछ नहीं लेना देना। हिन्दू सत्य की खोज में कभी नहीं झुकता है लेकिन हिन्दुत्ववादी नफरत से भरा होता है, क्योंकि उसके मन में खौफ होता है। आप सभी हिन्दू हैं। हिन्दुत्ववादी सत्ता के भूखे होते हैं। 2014 से हिन्दुत्ववादी सत्ता में हैं, हिन्दू सत्ता से बाहर हैं। हमें इन हिन्दुत्ववादियों को हटाकर हिन्दुओं को सत्ता में लाना है।

राहुल गांधी ने कहा कि दो शब्दों की आत्मा एक जैसी नहीं हो सकती है। ये दो शब्द हैं हिन्दू और हिन्दुत्ववादी। इन दो शब्दों की आत्मा एक जैसी नहीं हो सकती है। मैं हिन्दू हूं लेकिन हिन्दुत्ववादी नहीं हूं। इस देश में दो शब्दों की टक्कर है। एक शब्द हिंदू और एक हिंदुत्व है। ये दोनों एक शब्द नहीं हैं, ये अलग अलग शब्द हैं। महात्मा गांधी हिन्दू थे और गोडसे हिन्दुत्वादी था।

उन्होंने आगे कहा कि देश की हालत आप सब को दिख रही है। ये रैली महंगाई और बेरोजगारी के बारे में है, लेकिन देश की जो आज हालत है वो आज से पहले कभी नहीं हुई थी। हिंदुस्तान के सब संस्थान एक संगठन और एक हाथ में हैं। मंत्री के दफ्तर में RSS के OSD बैठे हैं। इस देश को जनता नहीं चला रही बल्कि 3-4 पूंजीपति चल रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने सबको हमारा राम-राम से शुरू किया संबोधन। प्रियंका गांधी बोलीं केंद्र सरकार की नीतियों से देश संकट में, उद्योगपतियों के लिए काम कर रही केंद्र सरकार। प्रधानमंत्री पर्यटन में व्यस्त रहते हैं, जो कांग्रेस ने बनाया, वो बेच रहे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आप आज इल रैली में आए हैं क्योंकि एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 1000 रुपये है, सरसों के तेल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर है, पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं, और आम आदमी की परेशानियों को कोई नहीं सुन रहा है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा पूछती है कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? मैं पूछती हूं कि सात साल में अपने क्या किया? क्या कोई एम्स जैसी संस्था बनाई? कोई शिक्षण संस्थान बनाया? क्या किया? पीएम मोदी जिस हवाई अड्डे से आपका जहाज उड़ता है, वो कांग्रेस की देन है। हमने यह किया।

महंगाई के खिलाफ रैली में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता के लिए नहीं बल्कि सिर्फ गिने, चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। केंद्र की सरकार झूठ, लालच और लूट वाली सरकार है। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी पर्यटन में मस्त रहते हैं इसलिए किसानों के पास उन्हें जाने का वक्त नहीं मिला। प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हजारों करोड़ रुपए विज्ञापन में खर्च कर रही है, लेकिन वही सरकार किसानों को खाद नहीं दिला पा रही। मैं ऐसे परिवारों से मिल कर आई हूं जिसके मुखिया ने खाद लेने के लिए लाइन में खड़े-खड़े दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *