“लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ” की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या बीजेपी में शामिल

न्यूज़ रिवेटिंग

लखनऊ, जनवरी 20

प्रियंका गाँधी के कैम्पेन ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या बीजेपी में शामिल हो गई हैं।

चुनाव पूर्व उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को दो महिला नेत्रियों ने तगड़ा झटका दिया है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गाँधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से विधायक अदिति सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

प्रियंका मौर्या ने कांग्रेस पर टिकट बँटवारे में घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि प्रियंका गाँधी के सचिव ने टिकट के लिए उनसे पैसे माँगे थे।

मौर्या ने कहा था, “लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ को केवल एक नारा के रूप में प्रस्तुत किया गया है, क्योंकि लड़की के रूप में मुझे चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं थी क्योंकि मैं रिश्वत नहीं दे सकती थी। टिकट उन्हें देने की बजाय एक महीने पहले पार्टी में शामिल हुए व्यक्ति को दिया गया।” मौर्या ने कहा कि वह सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र में एक साल से अधिक समय से लगातार काम करने में जुटी हैं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिली।

अदिति सिंह ने रायबरेली की सदर सीट से विधायक हैं। उन्होंने सोनिया गाँधी को पत्र लिखकर प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की बात कही है। कभी वे गाँधी परिवार के काफी करीब मानी जाती थीं। लेकिन पिछले कुछ समय से पार्टी के साथ उनके संबंध बेहद तल्ख रहे हैं।

अदिति ने नवंबर 2021 में खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित बताया था। अदिति सिंह कई बार प्रियंका गाँधी पर खुलकर हमला कर चुकी हैं। अदिति सिंह ने एक बार कहा कि था जब कृषि कानून लाए गए थे तब भी उनको परेशानी थी। अब जब कृषि कानूनों को रद्द किया गया तो भी उन्हें तकलीफ हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रियंका गाँधी सिर्फ मामले का राजनीतिकरण कर रही हैं। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि प्रियंका गाँधी के पास सियासत करने के लिए अब मुद्दे खत्म हो गए हैं, इसलिए वह किसानों के मुद्दों पर राजनीति कर रही हैं।

मुलायम सिंह के साढ़ू पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता भी भाजपा में शामिल हुए हैं। यूपी में समाजवादी पार्टी को परिवार से यह दूसरा झटका लगा है; कल मुलायम की बहू अपर्णा ने भाजपा का दामन थामा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *