पैगंबर मोहम्मद का विवादित कार्टून बनाने वाले लार्स विल्क्स की सड़क दुर्घटना में मौत

लार्स विल्क्स

न्यूज़ रिवेटिंग

स्वीडिश कलाकार लार्स विल्क्स, जिन्होंने 2007 में पैगंबर मुहम्मद का विवादित कार्टून बना कर दुनिया भर में विवाद छेड़ दिया था, रविवार को दक्षिणी शहर मार्करीड के पास एक कार दुर्घटना में मारे गए।

चित्र प्रकाशित होने के बाद से पुलिस सुरक्षा में रह रहे 75 वर्षीय विल्क्स एक पुलिस वाहन में यात्रा कर रहे थे जो एक ट्रक से टकरा गया था। घटना में दो पुलिस अधिकारी भी मारे गए।

स्वीडिश पुलिस ने सोमवार को एक बयान में कहा, “यह एक बहुत ही दुखद घटना है। अब हम सभी के लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम इस बात की जांच करने के लिए हर संभव प्रयास करें कि क्या हुआ और किस कारण से टक्कर हुई।” “शुरुआत में, ऐसा कुछ भी नहीं है जो किसी और के शामिल होने की ओर इशारा करता हो।”

कार्टूनों के प्रकाशन के बाद से विल्क्स को मौत की धमकी मिलने लगी थी। अल-कायदा ने विल्क्स को जान से मारने वाले को 100,000 डॉलर का इनाम देने का एलान किया था। वर्ष 2015 में उन पर बंदूक से हमला भी हुआ था जिसमें वो बाल बाल बच गए थे।

विल्क्स के जीवन पर खतरों के बाद उन्हें चौबीसों घंटे पुलिस सुरक्षा दी गयी थी।